गेहूं की टॉप ड्रेसिंग से पहले उर्वरक संकट दूर करने की कवायद, दो समितियों पर डीएपी-यूरिया न मिलने पर जताई नाराजगी
संयुक्त कृषि निदेशक ने बड़ागांव की सहकारी समितियों और निजी दुकानों का किया निरीक्षण, तत्काल आपूर्ति के निर्देश
वाराणसी। किसानों को निर्धारित दर पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में संयुक्त कृषि निदेशक वाराणसी मंडल शैलेन्द्र कुमार ने बड़ागांव विकासखंड की विभिन्न साधन सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो समितियों पर आवश्यक उर्वरक उपलब्ध नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
संयुक्त कृषि निदेशक ने साधन सहकारी समिति खरावन, बड़ागांव, अनेई और बिरांव कोट का जायजा लिया। निरीक्षण में साधन सहकारी समिति बड़ागांव पर डीएपी और अनेई समिति पर यूरिया का स्टॉक नहीं मिला। इस पर उन्होंने सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता सुरेंद्र कुमार मौर्य को निर्देश दिया कि दोनों समितियों पर तत्काल उर्वरक की आपूर्ति कराई जाए।

उन्होंने कहा कि जिले में अधिकांश किसानों ने गेहूं की बुवाई पूरी कर ली है। आगामी दिनों में फसल की टॉप ड्रेसिंग का कार्य शुरू होगा, जिसके लिए यूरिया की मांग बढ़ेगी। ऐसे में सभी साधन सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध रहना चाहिए। जिन समितियों पर यूरिया या डीएपी का स्टॉक पांच मीट्रिक टन से कम हो जाए, वहां नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर तत्काल आपूर्ति कराई जाए, ताकि किसानों को भटकना न पड़े।
मौके पर मौजूद जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर उर्वरक वितरण व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने या पीओएस मशीन के माध्यम से अनावश्यक रूप से बिक्री खारिज करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
निजी विक्रेताओं के यहां भी होलसेलरों के माध्यम से यूरिया और डीएपी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा गया। साथ ही उर्वरकों का अनावश्यक भंडारण करने वाले थोक विक्रेताओं के विरुद्ध उर्वरक गुण नियंत्रण के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

