पीएमएस संघ वाराणसी के चुनाव में डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह अध्यक्ष, डॉ. अमित सिंह सचिव निर्विरोध निर्वाचित
वाराणसी। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस संघ), वाराणसी शाखा के द्विवर्षीय चुनाव वर्ष 2026-27 एवं 2027-28 के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी डॉ. एन.पी. सिंह द्वारा नामित चुनाव अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय राय ने चुनाव परिणाम घोषित किए। चुनाव में सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए।
निर्वाचन के बाद डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह को अध्यक्ष, डॉ. अमित सिंह को सचिव, डॉ. कार्तिकेय सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. हेमंत सिंह को उपाध्यक्ष, डॉ. सारिका राय को महिला उपाध्यक्ष, डॉ. अतुल कुमार सिंह को वित्त सचिव, डॉ. विनय कुमार मिश्रा को सदस्य केंद्रीय कार्यकारिणी तथा डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी को संपादक निर्विरोध चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं। सभी पदाधिकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह ने कहा कि वर्षों से लंबित पीएमएस 2020 सेवा नियमावली में संशोधन, समय से पदोन्नति तथा समयबद्ध SACP को प्रदेश कार्यकारिणी के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द लागू कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए एसएसपीजी कबीर चौरा, डीडीयू पांडेयपुर, एलबीएस रामनगर सहित अन्य सरकारी चिकित्सालयों से विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी जोड़ा जाएगा।
सचिव डॉ. अमित सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए जिला पीएमएस संघ की नियमित त्रैमासिक बैठक कराई जाएगी। इसमें चिकित्सकों की समस्याओं पर चर्चा कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। वित्त सचिव डॉ. अतुल सिंह ने संघ के कार्यों के लिए बजट की कमी नहीं आने देने तथा संगठन हित के कार्यों में पारदर्शिता के साथ वित्तीय उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात कही। महिला उपाध्यक्ष डॉ. सारिका राय ने कहा कि महिला चिकित्सकों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संघ के समक्ष रखा जाएगा। चुनाव अधिकारी डॉ. संजय राय ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

