बरेका में भारतीय भाषाओं की पुस्तकों पर हुआ विमर्श, कर्मचारियों ने साझा किए विचार
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत बुधवार को भारतीय भाषा संगोष्ठी एवं पुस्तक विमर्श का आयोजन किया गया। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन तथा मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे के नेतृत्व में राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संगोष्ठी में प्रतिभागियों ने विभिन्न भारतीय भाषाओं में अपनी पसंद की पुस्तकों पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने पुस्तकों की विषयवस्तु, संदेश और उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए पठन से प्राप्त अनुभवों को साझा किया। इस दौरान पुस्तकों के माध्यम से प्राप्त ज्ञान और विचारों पर संवाद हुआ, जिससे कार्यक्रम ज्ञानवर्धक एवं संवादपरक बना।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय भाषाओं के साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने, पुस्तक-पठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा कर्मचारियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर उप मुख्य विपणन प्रबंधक अनूप मिश्रा एवं उप वित्त सलाहकार तथा मुख्य लेखा अधिकारी अजय कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में बरेका कर्मचारियों ने सहभागिता की।

