मिर्जामुराद में दिव्यांग विवाहिता ने सल्फास खाकर दी जान, बहन को पहले ही किया था फोन
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 44 वर्षीय दिव्यांग विवाहिता ने ऑनलाइन मंगाई सल्फास की गोली का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि महिला ने यह कदम उठाने से पहले मुंबई में रह रही अपनी छोटी बहन को फोन कर इसकी जानकारी दी थी।
बहन को फोन कर दी थी जानकारी
मृतका की पहचान नीतू तिवारी (44) पत्नी धनंजय तिवारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सल्फास का सेवन करने से पहले उन्होंने अपनी छोटी बहन को फोन कर बताया था। बहन की सूचना मिलते ही खेत में काम कर रहे ससुर तुरंत घर पहुंचे, जहां नीतू अचेत अवस्था में मिलीं।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत
परिजन आनन-फानन में नीतू को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए और मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
निःसंतान होने से मानसिक रूप से परेशान थी महिला
ग्रामीणों के अनुसार, नीतू तिवारी नि:संतान थीं, जिसके चलते वह अक्सर मानसिक तनाव में रहती थीं। उनकी शादी करीब 15 वर्ष पहले हुई थी। उनके पति भी दिव्यांग हैं और ऑटो चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं।
पुलिस ने कहा—कारण की जांच जारी
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि फिलहाल सल्फास खाने के पीछे का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। फॉरेंसिक टीम और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

