राजातालाब में सड़क पर बह रहा गंदा पानी, सड़क बनी नाली, राहगीरों को परेशानी
वाराणसी। दीपावली पर जहां लोग अपने घरों और दुकानों को सजाने-संवारने में जुटे रहे, वहीं राजातालाब के रथयात्रा मार्ग के निवासी सीवर के गंदे पानी से जूझते रहे। यहां ध्वस्त नाली के कारण जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नाले का बदबूदार पानी मुख्य सड़क पर बह रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी व अधिवक्ता राजकुमार गुप्ता ने बताया कि नाली काफी समय से क्षतिग्रस्त है, लेकिन जिम्मेदार विभाग के अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। स्थिति यह है कि सड़क से नीचे बने मकानों में नाले का गंदा पानी घुस रहा है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ ही संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है।

पान की दुकान चलाने वाले मनोज पटेल ने बताया कि दीपावली पर लोग अपने घरों और दुकानों को रोशन कर रहे हैं, लेकिन यहां के लोगों को त्योहार के दिन भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 'दीपावली पर घर सजाएं या सीवर के गंदे पानी से लड़ें।' पर्व के दिन भी सफाई व्यवस्था की बदहाली से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत करने के साथ विरोध प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने जिम्मेदार विभाग और स्थानीय प्रशासन से ध्वस्त नाली की तत्काल मरम्मत कराने तथा सड़क पर जमा गंदे पानी की निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है।

