जीएसटी अनुपालन को लेकर व्यापारियों से सीधा संवाद, नए नियमों की दी जानकारी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। व्यापारियों को वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से जुड़े नवीनतम प्रावधानों, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया तथा कर अनुपालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराने के उद्देश्य से सोमवार को वरुणा पुल स्थित एक होटल में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राज्य कर विभाग खंड-15, वाराणसी द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों एवं विभागीय अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों के साथ सीधे संवाद स्थापित करते हुए जीएसटी व्यवस्था में हुए हालिया बदलावों, रिटर्न फाइलिंग की प्रक्रिया, ई-वे बिल से संबंधित नियमों तथा कर अनुपालन की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि समय पर और सही तरीके से कर संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने से न केवल व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकता है, बल्कि कर व्यवस्था को भी अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकता है।

123

राज्य कर विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित व्यापारियों को जीएसटी पोर्टल के उपयोग, रिटर्न दाखिल करने में आने वाली सामान्य समस्याओं तथा उनके समाधान के बारे में भी जानकारी दी। इस दौरान व्यापारियों को विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियागत पहलुओं से अवगत कराया गया ताकि वे नियमों का बेहतर ढंग से पालन कर सकें।

कार्यक्रम में उपकर आयुक्त (डीसी) कृष्ण कुमार एवं सहायक आयुक्त (एसी) चंद्र शेखर मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने व्यापारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य व्यापारियों को कर संबंधी नवीन जानकारियों से लगातार अपडेट रखना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए समय-समय पर ऐसे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

संवाद सत्र के दौरान व्यापारियों ने भी जीएसटी अनुपालन, तकनीकी समस्याओं, ई-वे बिल प्रक्रिया और अन्य व्यावसायिक मुद्दों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक समाधान उपलब्ध कराने तथा संबंधित मामलों पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, कर प्रणाली को सरल एवं पारदर्शी बनाने तथा करदाताओं की सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित व्यापारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।

Share this story