काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के दौरान श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे एक श्रद्धालु की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद मौत हो जाने से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी रामप्रकाश शर्मा के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन और धार्मिक यात्रा पर वाराणसी आए थे। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही और देरी का आरोप लगाया है।

रामप्रकाश शर्मा अपने परिवार के साथ वाराणसी के एक होटल में ठहरे हुए थे। बुधवार सुबह वे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लगी लंबी कतार में काफी समय तक खड़े रहने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्हें चक्कर आया और वे अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनकी सहायता की। उन्हें भीड़ से अलग सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया गया। बाद में एंबुलेंस की मदद से उन्हें उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा भेजा गया।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी उन्हें समय पर समुचित उपचार नहीं मिला। मृतक के नाती गगन शर्मा ने कहा कि गंभीर स्थिति के बावजूद चिकित्सकीय प्रक्रिया में देरी हुई और आवश्यक दवाएं भी समय पर उपलब्ध नहीं कराई गईं। उनका आरोप है कि यदि तत्काल इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Share this story