देव दीपावली पर घाटों पर मेडिकल टीमों की तैनाती, एंबुलेंस और ऑक्सीजन की व्यवस्था की मांग, सपा नेताओं ने सीएमओ को सौंपा ज्ञापन
वाराणसी। देव दीपावली पर गंगा घाटों पर उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं की मुकम्मल व्यवस्था करने की मांग उठने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपकर प्रमुख घाटों पर चिकित्सा शिविर लगाने और पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस तैनात करने की मांग की। सपा नेताओं ने कहा कि देव दीपावली जैसे बड़े आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
समाजवादी पार्टी की कैंट विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी पूजा यादव (काशी पुत्री) ने कहा कि देव दीपावली काशी का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व है। इस अवसर पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गंगा घाटों पर दीपोत्सव देखने और गंगा आरती में शामिल होने पहुंचते हैं। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक भीड़ के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को पहले से ही विशेष इंतजाम करने चाहिए।
उन्होंने मांग की कि दशाश्वमेध, अस्सी, राजघाट सहित प्रमुख गंगा घाटों पर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें तैनात की जाएं। चिकित्सा शिविरों में ऑक्सीजन सिलिंडर, जीवनरक्षक दवाएं, प्राथमिक उपचार सामग्री और आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहें। इसके साथ ही घाटों के आसपास पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस की तैनाती की जाए, ताकि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या दुर्घटना होने पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सके।
सपा उत्तर प्रदेश सचिव विष्णु शर्मा ने कहा कि देव दीपावली पर वाराणसी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तैयारी रखनी चाहिए। प्रमुख घाटों के साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों में मेडिकल टीमों की तैनाती और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
सपा नेताओं ने कहा कि देव दीपावली के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात, प्रकाश और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाता है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं को भी उतनी ही प्राथमिकता मिलनी चाहिए। चिकित्सा शिविरों और आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं को समय पर उपचार मिल सकेगा और किसी अप्रिय स्थिति से बचा जा सकेगा। प्रतिनिधिमंडल ने सीएमओ से मांग की कि देव दीपावली से पहले सभी आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
इस दौरान कैंट के पूर्व अध्यक्ष दिलीप कश्यप, सपा नेता इमरान अहमद 'बबलू', व्यापार सभा के जिला महासचिव प्रदीप मोदनवाल, आशीष यादव, महेंद्र विश्वकर्मा, पूजा सिंह (राष्ट्रीय सचिव), मंजू कन्नौजिया (राष्ट्रीय सचिव) और आकाश विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

