मनरेगा भुगतान में देरी से प्रधानों में आक्रोश, वाराणसी में करोड़ों का भुगतान लंबित 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मनरेगा के तहत लंबित भुगतान को लेकर ग्राम प्रधानों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। आराजी लाइन ब्लॉक में ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में क्षेत्र के सभी प्रधानों ने भाग लिया और भुगतान में हो रही लगातार देरी पर नाराजगी जताई।

बैठक में प्रधानों ने बताया कि पिछले लगभग दो वर्षों से मनरेगा के अंतर्गत सामग्री और श्रमिकों का भुगतान लंबित है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। कई प्रधान कर्ज के बोझ तले दब गए हैं, जबकि उन्होंने सरकारी योजनाओं को धरातल पर लागू करने में पूरी जिम्मेदारी निभाई है। प्रधानों के अनुसार वाराणसी जनपद में करीब 20 से 25 करोड़ रुपये तक का भुगतान अभी भी बकाया है। उन्होंने इसे मनरेगा के प्रावधानों के विपरीत बताते हुए कहा कि इससे विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश पटेल ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो प्रधान लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जनपद में कार्यक्रम होगा, उस दौरान प्रधान अपने आक्रोश को सार्वजनिक रूप से व्यक्त करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह किसी प्रकार की धमकी नहीं, बल्कि प्रधानों की पीड़ा और मजबूरी की अभिव्यक्ति है, जिसे शासन और प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए। बैठक में सभी प्रधानों ने एक स्वर में मांग की कि मनरेगा के तहत लंबित सामग्री और मजदूरी का भुगतान तत्काल प्रभाव से किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

Share this story