मिर्जामुराद फ्लाईओवर पर चलती ट्रक में पीछे से घुसी डीसीएम, चालक घायल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद कस्बा स्थित फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चलती ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम घुस जाने से डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और फ्लाईओवर पर कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया।

प्रयागराज निवासी 37 वर्षीय नागेंद्र कुमार मिश्रा डीसीएम वाहन लेकर प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन मिर्जामुराद बाजार के पास फ्लाईओवर पर पहुंचा, आगे चल रही एक ट्रक में डीसीएम पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंसकर घायल हो गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन सहित वाराणसी की ओर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से खजुरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त डीसीएम को सड़क से हटवाया, जिसके बाद फ्लाईओवर पर यातायात सामान्य कराया गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Share this story