राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर कांग्रेस का जनजागरण, 11वीं कड़ी में हनुमान चालीसा पाठ, नगवां-अस्सी में सामूहिक आरती

WhatsApp Channel Join Now

चढ़ावे से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की उठाई मांग

वाराणसी। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे को लेकर उठे कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के सवालों पर महानगर कांग्रेस कमेटी का जनजागरण अभियान जारी है। अभियान की 11वीं कड़ी में मंगलवार को नगवां-अस्सी स्थित रविदास पार्क के सामने प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया। सामूहिक पाठ के बाद आरती की गई। कांग्रेसजनों और श्रद्धालुओं ने सत्य, न्याय, सद्भाव, पारदर्शिता और धर्म की विजय की प्रार्थना की। कार्यक्रम का संयोजन महानगर उपाध्यक्ष अरुण सोनी के मार्गदर्शन में महानगर महासचिव सदानंद तिवारी और मंडल अध्यक्ष मित्तल साहनी ने किया।

चढ़ावे के मामले में पारदर्शिता की मांग
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि श्रीराम मंदिर करोड़ों देशवासियों की आस्था का केंद्र है। श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित चढ़ावे से जुड़े मामलों में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए। उन्होंने प्रकरण में उठे सवालों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। मामले से जुड़े सभी सवालों के जवाब जनता के सामने स्पष्ट रूप से आने चाहिए।

धार्मिक आस्था के खिलाफ नहीं है अभियान
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कांग्रेस किसी धर्म, मंदिर अथवा धार्मिक आस्था के विरोध में नहीं है। पार्टी भगवान श्रीराम और रामभक्तों की आस्था का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य चढ़ावे से जुड़े मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को जनता तक पहुंचाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि जांच किसी छोटे कर्मचारी या निचले स्तर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जिन लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठे हैं, उनकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। किसी व्यक्ति को पद या राजनीतिक प्रभाव के आधार पर जवाबदेही से बाहर नहीं रखा जाना चाहिए।

प्रत्येक मंगलवार को हो रहा आयोजन
महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रत्येक मंगलवार को अलग-अलग हनुमान मंदिरों में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के माध्यम से जनजागरण किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा। चढ़ावे के मामले में उठे सवालों के स्पष्ट जवाब और आवश्यक पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक पार्टी अपनी मांग उठाती रहेगी। कार्यक्रम में डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, वकील अंसारी, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव, चंचल शर्मा, सुनील राय, नित्यानंद पाठक, प्रमोद वर्मा, पुलक त्रिपाठी, धीरज सोनकर, प्रेमदीप तिवारी, दीपक यादव, वीरेंद्र पटेल, गोपाल चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share this story