मोदी के जन्मदिन पर कांग्रेस ने मनाया ‘बेरोजगार दिवस’, महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन, सीवर में मिले बोरे पर चढ़ाई माला

WhatsApp Channel Join Now

‘मोदी शासनकाल के 25 साल-25 सवाल’ के जरिए उठाए जनहित के मुद्दे, झुनझुना बजाकर जताया विरोध

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को ‘बेरोजगार दिवस’ मनाते हुए महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने प्रतीकात्मक रूप से झुनझुना बजाकर सरकार के प्रति नाराजगी जताई। शहर की सीवर व्यवस्था और सीवर में बोरा मिलने के मामले को भी प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा बनाया गया।

कांग्रेसजन पद्मश्री चौराहा पर जुटे और नारेबाजी करते हुए रवींद्रपुरी स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे। यहां प्रदर्शन कर सरकार से जनहित से जुड़े सवालों के जवाब मांगे गए। कांग्रेसजनों ने सीवर में बोरा मिलने के मामले में प्रतीकात्मक रूप से बोरे पर माला चढ़ाई और पूछा कि बोरा सीवर में कैसे पहुंचा तथा अब तक जिम्मेदार लोगों को क्यों नहीं पकड़ा गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

123

प्रदर्शन के दौरान ‘मोदी शासनकाल के 25 साल-25 सवाल’ अभियान के तहत नोटबंदी, जीएसटी, कोविड लॉकडाउन, कृषि कानून, पेगासस विवाद, चुनावी चंदे की पारदर्शिता, मणिपुर हिंसा, सीएए-एनआरसी, अनुच्छेद 370, बेरोजगारी, किसानों की आय, श्रम संहिताओं, निजीकरण और संस्थाओं की स्वायत्तता समेत विभिन्न मुद्दे उठाए गए।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि देश बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की चुनौतियों से जूझ रहा है। उनके अनुसार, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। कई राज्यों में बाढ़ के कारण लोग जीवन और आजीविका बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

123

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी में यातायात, सीवर और जलभराव जैसी नागरिक समस्याएं बनी हुई हैं। जनता को घोषणाओं के बजाय स्थायी समाधान चाहिए। उन्होंने कहा कि सीवर में बोरा मिलने के मामले में आरोप-प्रत्यारोप के बजाय जांच और जवाबदेही जरूरी है। कांग्रेस ने झुनझुना बजाकर सरकार पर जनता को विकास और अच्छे दिनों के नाम पर केवल आश्वासन देने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राघवेंद्र चौबे ने की, जबकि संयोजन महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा ने किया। प्रदर्शन में सतनाम सिंह, प्रवीन प्रकाश, रमजान अली, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, वंदना जायसवाल, संगीता रावत सहित महानगर कांग्रेस और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story