कांग्रेस ने शुरू की काशी न्याय यात्रा, घर-घर जाकर पार्टी से जुड़ने की करेंगे अपील, बोले- काशी का गौरव कांग्रेस के साथ
वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के धूपचंडी वार्ड से काशी न्याय यात्रा का शुभारंभ किया। मां धूमावती देवी का दर्शन-पूजन कर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने यात्रा की शुरुआत की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वाराणसी सहित प्रदेश के विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर घर-घर पहुंचने और लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।

यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों से संवाद करेंगे। साथ ही जनसमस्याओं और पार्टी की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों से संबंधित पर्चों का घर-घर वितरण करेंगे। कांग्रेस का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को उठाना और उन्हें पार्टी से जोड़ना है।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि उत्तरी विधानसभा के धूपचंडी वार्ड से राष्ट्रीय संकल्प यात्रा की शुरुआत की गई है। मां धूमावती देवी का दर्शन-पूजन करने के बाद न्याय यात्रा का आगाज हुआ। उन्होंने कहा कि वर्ष 1989 के बाद से काशीवासियों ने कांग्रेस को नेतृत्व की जिम्मेदारी नहीं सौंपी, लेकिन पार्टी हमेशा जनता की मुखर आवाज बनकर उनके साथ खड़ी रही है।
उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम में काशी द्वार का मुद्दा हो या बुनकरों के अधिकारों की लड़ाई, कांग्रेस ने हर वर्ग के हितों के लिए आवाज उठाई है। काशी न्याय यात्रा के माध्यम से लोगों को इन मुद्दों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही काशीवासियों से कांग्रेस से जुड़ने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि काशी का गौरव कांग्रेस के साथ था, है और आगे भी रहेगा।
देखें वीडियो ...

