एआईएमआईएम विधायक की कथित टिप्पणी पर वाराणसी में शिकायत, मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग, महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप
वाराणसी। एआईएमआईएम के बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं अमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अख्तरुल ईमान की कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर वाराणसी में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। महिलाओं के सम्मान और गरिमा को प्रभावित करने वाला बयान देने का आरोप लगाते हुए एडवोकेट अब्दुल्ला बिन गफ्फार ने पुलिस आयुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है।
पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता हिफाजत हुसैन आलम, निवासी नदेसर, वाराणसी ने सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रसारित विधायक अख्तरुल ईमान के एक वीडियो का हवाला दिया है। शिकायत के मुताबिक, यह वीडियो सात नवंबर 2026 को पश्चिम बंगाल के लोधन में आयोजित एक जलसे का बताया जा रहा है। इसमें विधायक द्वारा मुस्लिम समाज में विवाह के बाद दुल्हन को सजाकर मेहमानों के सामने बैठाने की परंपरा पर टिप्पणी करते हुए महिलाओं की तुलना कथित तौर पर तवायफों से किए जाने का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि किसी सामाजिक अथवा धार्मिक परंपरा की आलोचना करना अलग विषय है, लेकिन सार्वजनिक मंच से महिलाओं के सम्मान, प्रतिष्ठा और गरिमा को प्रभावित करने वाली भाषा का इस्तेमाल गंभीर मामला है। सार्वजनिक जीवन में सक्रिय व्यक्तियों की जिम्मेदारी है कि वे महिलाओं के सम्मान और संवैधानिक अधिकारों का ध्यान रखें।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से वायरल वीडियो की प्रामाणिकता की जांच कराने, मूल भाषण और संपूर्ण वीडियो प्राप्त कर कथन का वास्तविक संदर्भ स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि जांच में यदि भारतीय न्याय संहिता अथवा अन्य लागू कानूनों के तहत अपराध के तत्व मिलते हैं तो विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। चूंकि कथित बयान वाराणसी के बाहर दिया गया है, इसलिए प्रार्थना पत्र में यह भी अनुरोध किया गया है कि मामला पुलिस कमिश्नरेट के क्षेत्राधिकार से बाहर होने पर शिकायत संबंधित सक्षम पुलिस प्राधिकारी को भेजी जाए। शिकायतकर्ता ने कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की भी मांग की है।

