‘वंदे मातरम्’ के अपमान का आरोप, सोनिया गांधी के खिलाफ दी तहरीर
वाराणसी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी के खिलाफ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के कथित अपमान का आरोप लगाते हुए वाराणसी में पुलिस आयुक्त को प्रार्थनापत्र दिया गया है। सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर निवासी एवं पूर्व प्रधान नागेश्वर मिश्र ने शनिवार को पुलिस आयुक्त को तहरीर देकर मामले की जांच कराने और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। शिकायतकर्ता ने आरोपों के समर्थन में वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने की बात भी कही है।
प्रार्थना पत्र में नागेश्वर मिश्र ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया जा रहा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि राष्ट्रीय गीत के बीच में उसे रोकने का कथित प्रयास किया गया और इसमें सोनिया गांधी की भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत से जुड़ी इस घटना से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा उपलब्ध वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कानूनी धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जाना चाहिए।
शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर की एक प्रति सारनाथ थाने के प्रभारी निरीक्षक को भी सौंपी है। उन्होंने पुलिस से मामले में उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच करने और कार्यक्रम के दौरान हुई पूरी घटना की वास्तविकता सामने लाने का अनुरोध किया है। नागेश्वर मिश्र का कहना है कि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्र से जुड़े प्रतीकों का सम्मान सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों को राजनीतिक विवाद के बजाय संवेदनशील विषय के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तथ्यों के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस की ओर से तहरीर पर मुकदमा दर्ज किए जाने या जांच की स्थिति के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

