कमिश्नरेट पुलिस ने दिखाई तत्परता, गुमशुदा किशोरी को ढूंढकर परिवार से मिलाया

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन के प्रथम सोमवार पर जहां काशी में लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक में जुटे थे, वहीं वाराणसी पुलिस ने अपनी तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली का परिचय देते हुए एक गुमशुदा किशोरी को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

भेलूपुर थाना क्षेत्र के शंकुल धारा पोखरा निवासी 17 वर्षीय प्रीति राजभर किसी बात से नाराज होकर घर से चली गई थी। परिजनों ने काफी तलाश के बाद जब उसका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने तत्काल खोजवा चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोरी की तलाश शुरू कर दी।

खोजवा चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिवार ने राहत की सांस ली। सावन के पावन सोमवार पर पुत्री के सकुशल घर लौटने से उसकी मां भावुक हो गईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने खोजवा चौकी प्रभारी और पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता ने उनके परिवार को बड़ी चिंता और संकट से उबार लिया।

Share this story