नगर आयुक्त ने सीएम सिगरा-औरंगाबाद सड़क निर्माण का जाना हाल, काम में तेजी के दिए निर्देश
वाराणसी। सिगरा से औरंगाबाद तक सीएम ग्रिड योजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने निर्माणाधीन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सड़क निर्माण में आ रही तकनीकी और विभागीय बाधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से जल निगम की ओर से कराए जा रहे पेयजल इंटर कनेक्शन शिफ्टिंग कार्य की समीक्षा की। नगर आयुक्त ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिफ्टिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए, ताकि सड़क निर्माण कार्य प्रभावित न हो और परियोजना को निर्धारित समय में पूरा कराया जा सके।
उन्होंने नगर निगम के अधिशासी अभियंता (सिविल) और जल निगम के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी। नगर आयुक्त ने कहा कि दोनों विभागों के बीच बेहतर तालमेल रहने से निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब नहीं होगा। उन्होंने मौके पर चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति पर भी नजर रखने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। ऐसे में निर्माण से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता देते हुए तेजी से पूरा कराया जाए। निरीक्षण के दौरान जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता कमल सिंह अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। नगर निगम के अधिशासी अभियंता (सिविल) आगम कटियार भी टीम के साथ निरीक्षण में शामिल रहे।

