फूलपुर में इलाज के दौरान बालक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, पुलिस ने समझा-बुझाकर खुलवाया रास्ता
वाराणसी। थाना फूलपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नएपुर में एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान 8 वर्षीय बालक की मौत के बाद आक्रोश फैल गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बिकापुर निवासी पियूष राजभर (उम्र लगभग 8 वर्ष), पुत्र विनोद राजभर, को पेट दर्द की शिकायत पर बीती रात ग्राम नएपुर स्थित वर्मा क्लिनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान ही किशोर की हालत बिगड़ गई और उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने डॉक्टर की लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दिया।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा, थाना फूलपुर के प्रभारी निरीक्षक तथा चौकी प्रभारी कठिराव पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया-बुझाया और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात पुनः सुचारू रूप से चालू हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

