उत्तर प्रदेश की पहली शहरी सीएचसी बनी चौकाघाट, 93% अंक के साथ गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की मिली राष्ट्रीय मान्यता

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जनपद के शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौकाघाट ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्वास) प्रमाणपत्र हासिल कर लिया है। इसके साथ ही यह प्रदेश की एनक्वास प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाली पहली शहरी सीएचसी बन गई है। इस उपलब्धि को जिले के स्वास्थ्य विभाग के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।

भारत सरकार की टीम ने किया विस्तृत मूल्यांकन
चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. फाल्गुनी गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार द्वारा गठित दो सदस्यीय चिकित्सक टीम ने अस्पताल का गहन निरीक्षण किया। मूल्यांकन के दौरान ओपीडी, प्रयोगशाला, प्रसव कक्ष, ऑक्सिलरी सेवाएं, सामान्य प्रशासन, हाउसकीपिंग तथा बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट सहित सभी प्रमुख विभागों की सूक्ष्म जांच की गई।

ं

टीम ने अस्पताल में उपलब्ध दस्तावेजों की गुणवत्ता, स्टाफ के प्रशिक्षण स्तर, रखरखाव व्यवस्था और मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

“गुणवत्तापूर्ण सेवा की गारंटी” – सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने कहा कि एनक्वास प्रमाणीकरण गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की गारंटी है। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. फाल्गुनी गुप्ता और मंडलीय क्वालिटी कंसलटेंट डॉ. तनवीर के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण, टीम वर्क और नियमित मॉनिटरिंग के कारण ही यह उपलब्धि संभव हो सकी।

स्वास्थ्य कर्मियों को दी बधाई
सीएमओ ने समस्त चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि शहरी सीएचसी चौकाघाट की तरह जिले के अन्य शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी शीघ्र ही एनक्वास प्रमाणपत्र प्राप्त करेंगे।

जनपद के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि
चौकाघाट सीएचसी की यह सफलता न केवल स्वास्थ्य विभाग के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि आमजन को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है। इससे यह स्पष्ट हुआ है कि समर्पित प्रयास और गुणवत्ता पर ध्यान देकर सरकारी स्वास्थ्य संस्थान भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

Share this story