BHU ट्रॉमा सेंटर में हंगामा और मारपीट का मामला, महिला ने गार्डों और पुलिस पर लगाया पिटाई का आरोप, लंका थाने में महिला के खिलाफ मुकदमा
वाराणसी। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में महिला के हंगामे और मारपीट मामले में पुलिस ने लंका थाने में आरोपित टिकरी निवासी जूली गोंड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर महिला ने भी अपना पक्ष रखते हुए ट्रॉमा सेंटर के सुरक्षाकर्मियों और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट करने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में वर्दी पहने और टोरी लगाए सुरक्षाकर्मी महिला को घसीटते हुए मारपीट करता दिखाई दे रहा है। महिला की पहचान जूली गोंड के रूप में हुई है। पीड़िता मूल रूप से चंदौली की रहने वाली हैं और वर्तमान में टिकरी स्थित अपनी ससुराल में रहती हैं।

महिला ने लगाए मारपीट और अभद्रता के आरोप
जूली गोंड का आरोप है कि ट्रॉमा सेंटर मामले के बाद उन्हें नगवा पुलिस चौकी ले जाया गया था। वहां चार पुलिसकर्मियों और तीन सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। महिला का दावा है कि पिटाई के दौरान वह बेहोश हो गई थीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में लंका थाने में एक पुलिसकर्मी ने उन्हें पांच थप्पड़ मारे और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। महिला ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

