पुरस्कारों की श्रेणी बदलने से नहीं सुधरेगी गंगा की दशा, काशी में आज भी गिर रहा सीवर : अजय राय

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में वाराणसी को बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में तीसरा स्थान मिलने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय राय ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मां गंगा के नाम पर राजनीति करने और पुरस्कारों का प्रचार करने से उनकी वास्तविक स्थिति नहीं बदलने वाली है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में ही गंगा की दुर्दशा सरकार के स्वच्छता संबंधी दावों की हकीकत बयां कर रही है।

अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने राजनीतिक सफर को मां गंगा से भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। इसके बावजूद आज काशी में गंगा की स्थिति चिंताजनक है। वर्षों तक गंगा की स्वच्छता के नाम पर गंगा टाउन अवार्ड दिया जाता रहा, लेकिन इस बार पुरस्कार की श्रेणी बदलकर बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन कर दी गई। सवाल है कि पुरस्कार का नाम और श्रेणी बदलने की जरूरत क्यों पड़ी? पहले काशी को प्रथम और द्वितीय स्थान मिलता रहा, लेकिन अब तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। सरकार को जश्न मनाने के बजाय आत्ममंथन करना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि काशी के घाटों पर आज भी गंगा में गिरने वाले नालों और अशोधित सीवेज की समस्या बनी हुई है। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में प्रस्तुत सरकारी रिपोर्टों में भी नालों की टैपिंग और घरों को सीवर नेटवर्क से जोड़ने में कमियों का मामला सामने आया है। उनके अनुसार, कई नाले आंशिक रूप से टैप हैं या पूरी तरह टैप नहीं हुए हैं। इस संबंध में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।

कांग्रेस नेता ने गंगा की रेती में बाढ़ क्षेत्र के भीतर टेंट सिटी बसाने और अस्सी घाट से राजघाट तक करीब 5.3 किलोमीटर लंबी वैकल्पिक नहर खोदने के मामलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि टेंट सिटी के मामले में एनजीटी ने पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। वहीं, नहर निर्माण में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की आवश्यक सहमति नहीं ली गई और इस पर करीब 11.95 करोड़ रुपये खर्च किए गए। सिंचाई विभाग ने भी अपनी गलती स्वीकार की थी।

अजय राय ने गंगा में क्रूज संचालन के दौरान सीवेज छोड़े जाने के आरोपों पर भी जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गंगा को पर्यटन और व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बनाने से पहले उसके पर्यावरण और जलीय जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि गंगा में गिरने वाले सभी नालों की टैपिंग कब पूरी होगी, सीवेज ट्रीटमेंट की व्यवस्था शत-प्रतिशत प्रभावी कब होगी और जल की गुणवत्ता जांचने वाली वैज्ञानिक रिपोर्ट सार्वजनिक कब की जाएगी? प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कब होगी?

अजय राय ने कहा कि मां गंगा केवल पर्यटन स्थल या पुरस्कार हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी हैं। घाटों की सजावट, रोशनी और क्रूज की चमक को स्वच्छता का प्रमाणपत्र नहीं माना जा सकता। असली स्वच्छता तब होगी, जब गंगा में सीवर गिरना बंद होगा और उनका जल स्नान व आचमन योग्य बनेगा। काशी को कागजों पर स्वच्छता का तमगा नहीं, धरातल पर निर्मल और अविरल मां गंगा चाहिए।

BK Pathak
BK Pathak

21717 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story