चंद्रशेखर आजाद ने शिवपुर विधानसभा से मनोज यादव को बनाया प्रत्याशी, सरकार पर साधा निशाना
वाराणसी। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने मंगलवार को चिरईगांव क्षेत्र के शंकरपुर में रिंग रोड किनारे आयोजित जनसभा में शिवपुर विधानसभा क्षेत्र-386 से मनोज यादव प्रधान को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, पेपर लीक और कानून व्यवस्था के मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने बहुजन समाज से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ी ताकत है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से लोगों को अधिकार दिए हैं। पहले राजा-रानी के घर में राजा पैदा होते थे, लेकिन अब राजा बैलेट बॉक्स से बनता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं को नोट, मिठाई और शराब का प्रलोभन देकर वोट हासिल करने की कोशिश की जाती है। उन्होंने लोगों से ऐसे प्रलोभनों से बचकर सोच-समझकर मतदान करने का आह्वान किया।
इंटर तक मुफ्त शिक्षा देने पर दिया जोर
प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य की बात करती है, जबकि प्रदेश में हजारों विद्यालय बंद किए जाने का आरोप है। दूसरी ओर गांव-गांव शराब की दुकानें खुल रही हैं। उन्होंने इंटरमीडिएट तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग करते हुए कहा कि गरीब और अमीर परिवारों के बच्चों को समान गुणवत्ता वाली शिक्षा मिलनी चाहिए, तभी सामाजिक असमानता दूर हो सकेगी।
आरक्षण के मुद्दे पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में निजी क्षेत्र में आरक्षण की मांग उठाई है। उन्होंने संविधान और आरक्षण की रक्षा के लिए बहुजन समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस को पर्याप्त अधिकार मिलने चाहिए।
87 विधानसभा क्षेत्रों में घोषित किए प्रभारी
पत्रकारों से बातचीत में चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि पार्टी अब तक 87 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की घोषणा कर चुकी है। गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि आगे होने वाले निर्णय की जानकारी समय पर दी जाएगी। समाजवादी पार्टी के पीडीए को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वह आपस में उलझना नहीं चाहते। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी भाजपा को सत्ता से बाहर करने का प्रयास करेगी।
जनसभा के मुख्य आयोजक मनोज यादव प्रधान ने पार्टी को एक लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़, जिलाध्यक्ष अजय प्रधान, राजू भारती, सुदर्शन यादव, लक्ष्मीकांत, राजकुमार और अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

