काशी विद्यापीठ में 12 घंटे खुलेगा केंद्रीय पुस्तकालय, पढ़ाई के लिए मिलेगा अतिरिक्त समय 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए केंद्रीय पुस्तकालय अब 12 घंटे तक खुला रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्णय लिया है कि पुस्तकालय का संचालन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा।

कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने यह निर्णय छात्र-छात्राओं की मांग और शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया है। विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी नियमित रूप से पुस्तकालय का उपयोग करते हैं। ऐसे में पुस्तकालय का समय बढ़ने से उन्हें अध्ययन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

काशी विद्यापीठ के स्नातक पाठ्यक्रमों में सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। कुलसचिव ने बताया कि आवेदन की समय-सीमा बढ़ने के साथ ही प्रवेश फॉर्म भरने से जुड़ी जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। इससे नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को भी आवश्यक सूचनाएं आसानी से मिल सकेंगी।

विश्वविद्यालय में अब तक केंद्रीय पुस्तकालय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुलता था। विद्यार्थी लंबे समय से पुस्तकालय में पढ़ाई का समय बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उनकी मांग को देखते हुए अब इसे सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित किया जाएगा। रविवार और अवकाश के दिनों को छोड़कर यह व्यवस्था लागू रहेगी।

प्रशासन का कहना है कि पुस्तकालय में अध्ययन के लिए अलग-अलग रीडिंग रूम की व्यवस्था भी की गई है। निर्णय से विद्यार्थियों में उत्साह है। उनका मानना है कि अतिरिक्त समय मिलने से प्रतियोगी परीक्षाओं और नियमित पाठ्यक्रमों की तैयारी में मदद मिलेगी।

Share this story