सिगरा थाने के पास खतरनाक गड्ढे में चली गई कार, मचा हड़कंप 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में एक खतरनाक गहरा गड्ढा लोगों के लिए बड़ी परेशानी और हादसे का कारण बनता जा रहा है। थाना के ठीक बगल से चंदुआसट्टी की ओर जाने वाले मोड़ पर स्थित इस गड्ढे में एक कार गिरकर फंस गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गाड़ी किसकी थी, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह रास्ता काफी व्यस्त रहता है और इसी मार्ग से स्कूल बसों का भी आवागमन होता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद जाम की स्थिति न बने, इसके लिए क्षेत्रीय लोग खुद आगे आए और गड्ढे में फंसी कार को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

बताया जा रहा है कि पुलिस प्रशासन की ओर से पहले ही सुरक्षा के मद्देनजर वहां बैरियर लगाया गया था, लेकिन गड्ढा मोड़ पर होने और वाहन की गति तेज होने के कारण कार चालक नियंत्रण खो बैठा और बैरियर तोड़ते हुए सीधे गड्ढे में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

Share this story