कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य को विश्वनाथ धाम में अनुष्ठान, ललिता घाट और नमो घाट की गंगा आरती में भी हुई विशेष प्रार्थना
वाराणसी। भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना को लेकर गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान कराया गया। इस दौरान बाबा विश्वनाथ से उनके उत्तम स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई। मंदिर परिसर में हुए अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शास्त्रियों ने सहभागिता की।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में 21 शास्त्रियों ने कुशा-जल से रुद्राभिषेक किया। वहीं, 11 शास्त्रियों ने एक लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया। विधि-विधान से संपन्न अनुष्ठान के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य लाभ, दीर्घायु और सशक्त जीवन की मंगलकामना की गई।

साहस और कर्तव्यनिष्ठा को किया नमन
अनुष्ठान के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार द्वारा विषम परिस्थितियों में साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने की भावना को नमन किया गया। इस अवसर पर कहा गया कि संकट की घड़ी में मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सेवा, त्याग और मानवता के मूल भाव को दर्शाता है। श्री काशी विश्वनाथ धाम की ओर से बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की गई कि कैप्टन स्मित मच्छार को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान हो और वे स्वस्थ एवं सशक्त होकर दोबारा राष्ट्र और मानवता की सेवा में योगदान दे सकें।

गंगा आरती में भी हुई विशेष प्रार्थना
इसी क्रम में गुरुवार एक अक्टूबर को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा संचालित ललिता घाट और नमो घाट की गंगा आरती में भी कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष प्रार्थना की गई। मंदिर न्यास के शास्त्रियों ने विधि-विधान और श्रद्धापूर्वक मां गंगा की आरती संपन्न की। इस दौरान उनके शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना की गई। अनुष्ठान और गंगा आरती के माध्यम से कैप्टन स्मित मच्छार के स्वास्थ्य के लिए मंगलकामना की गई। काशी विश्वनाथ धाम और मां गंगा के पावन तट से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की सामूहिक प्रार्थना की गई।


