कैंट पुलिस ने शातिर महिला चोर को पकड़ा, ज्वेलरी की दुकान से उड़ाए थे सोने-चांदी के आभूषण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पाण्डेयपुर स्थित एक ज्वैलरी दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हुई महिला को कैण्ट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार महिला की पहचान शीला देवी निवासी सिकिया थाना नारायनपुर जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना कैण्ट में मु0अ0सं0 0036/2026 धारा 318(4)/305/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। उसे गुरुवार की शाम कैण्ट क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

घटना 27 जनवरी की है, जब अभियुक्ता लालपुर-पाण्डेयपुर स्थित एके ज्वेलर्स की दुकान पर गहने खरीदने के बहाने पहुंची थी। ज्वैलर्स द्वारा गहने दिखाए जाने के दौरान जब दुकानदार अन्य ग्राहक में व्यस्त हो गया, तब महिला ने चालाकी से दिखाए गए गहनों को चुरा लिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने महिला के पास से एक जोड़ी टप्स, एक नथिया, दो जोड़ी कान की बाली, एक जोड़ी कान की छाली, दो अंगूठियां (कुल वजन लगभग 16.455 ग्राम पीली धातु) तथा एक सफेद धातु का कड़ा (लगभग 55.380 ग्राम) बरामद किया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, महिला उपनिरीक्षक आरती गोंड़, उपनिरीक्षक बलवंत कुमार और कांस्टेबल अतुल कुमार पाण्डेय शामिल रहे।

Share this story