सुंदरपुर-बृजएंक्लेव मार्ग पर टूटा सीवर ढक्कन बना खतरा, हादसे का डर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सुंदरपुर स्थित बृज एंक्लेव जाने वाले मुख्य मार्ग पर सीवर का टूटा ढक्कन लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढे के कारण हर दिन हजारों राहगीरों और वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक इस समस्या के समाधान को लेकर उदासीन बना हुआ है।

123

यह मार्ग शहर के अत्यंत व्यस्त रास्तों में से एक है, जो सीधे सर सुंदरलाल चिकित्सालय और ट्रामा सेंटर को जोड़ता है। इसके अलावा आसपास कई निजी अस्पताल, क्लीनिक और शिक्षण संस्थान होने के कारण सुबह-शाम यहां भारी भीड़ रहती है। ऐसे में टूटा हुआ सीवर ढक्कन किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे रहा है।

123

स्थानीय लोगों के अनुसार, लंबे समय से यह ढक्कन क्षतिग्रस्त है, जिससे सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया है। दिन में तो किसी तरह लोग सावधानी बरतकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। खासकर दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा जोखिम में हैं। कई बार वाहन चालक अचानक गड्ढा देखकर ब्रेक लगाते हैं, जिससे पीछे से आ रहे वाहनों के टकराने की आशंका बनी रहती है।

123

राहगीरों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम और संबंधित विभाग को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द टूटे सीवर ढक्कन को बदलवाकर सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह संबंधित विभाग की होगी। फिलहाल, स्थानीय लोग अस्थायी रूप से गड्ढे के आसपास चिन्ह लगाकर लोगों को सावधान कर रहे हैं, लेकिन स्थायी समाधान के बिना खतरा लगातार बना हुआ है।

Share this story