रविदास गेट-अस्सी मार्ग पर शराब ठेके के पास सरेराह मारपीट, आएदिन होता है विवाद

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के रविदास गेट-अस्सी मार्ग पर मंगलवार को शराब ठेके के पास दो युवकों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे का गला दबाने का प्रयास करने लगे। सरेराह हुई मारपीट के कारण मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक किसी बात को लेकर आपस में भिड़े थे। कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों ने एक-दूसरे को धक्का देने के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान दोनों एक-दूसरे का गला पकड़कर दबाने का प्रयास करते नजर आए। सड़क पर काफी देर तक चले विवाद से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

शराब ठेके के आसपास विवाद की शिकायत
स्थानीय लोगों का कहना है कि रविदास गेट-अस्सी मार्ग पर श्यामल रेस्टोरेंट के पास स्थित देसी शराब के ठेके के आसपास आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। आरोप है कि शराब पीने के बाद कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज और हंगामा करते हैं, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी होती है।

क्षेत्र में दोपहिया वाहन बनाने का काम करने वाले स्थानीय निवासी विनोद कुमार ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि ठेके के आसपास नियमित पुलिस निगरानी नहीं दिखाई देती। उनका कहना है कि कई बार इस समस्या की शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि शराब ठेके के आसपास होने वाले विवादों पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई गंभीर घटना हो सकती है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा, गाली-गलौज व मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रभावी निगरानी से ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।

Share this story