पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में वाराणसी में फूंका आतंकवाद का पुतला, BJP कार्यकर्ताओं ने की सर्जिकल स्ट्राइक से भी तगड़ी कार्रवाई की मांग
वाराणसी। पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले के बाद देशभर में शोक और आक्रोश की लहर फैल गई है। हमले में 27 निर्दोष लोगों की मौत के बाद जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी कड़ी में गोदौलिया चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ सड़कों पर उतरकर तीव्र विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आतंकवाद का पुतला फूंका।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा कार्यकर्ता मुन्ना लाल यादव ने कहा कि पाकिस्तान की लगातार हो रही नापाक हरकतें अब बर्दाश्त से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि अब केवल निंदा करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पाकिस्तान को उसकी औकात दिखाने का समय आ गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि इस बार सर्जिकल स्ट्राइक से भी बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की जाए, ताकि पाकिस्तान भविष्य में ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

प्रदर्शन के दौरान मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि वह देश की सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं करते हैं। प्रदर्शनकारी यह भी मांग कर रहे थे कि पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अलग-थलग किया जाए और उसकी आतंक परस्त नीतियों को उजागर किया जाए।

इस विरोध प्रदर्शन में मुन्ना लाल यादव के साथ धर्मराज यादव, मोहित यादव, अरविंद चौधरी, नीरज शर्मा और पृथ्वी चौहान समेत कई स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

