अखिलेश के गौशाला वाले बयान पर भाजपा का अनोखा प्रदर्शन, BJP ने सपा प्रमुख के पुतले को पागलखाने में कराया भर्ती, इंजेक्शन लगाकर दवाएं खिलाई

vns
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जनपद में मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव के गौशाला से दुर्गन्ध वाले बयान पर आक्रोश व्यक्त करते हुए अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनुप जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अर्दली बाजार स्थित महावीर मंदिर के निकट मानसिक चिकित्सालय पर सपा मुखिया के प्रतीकात्मक पुतले को भर्ती करवाकर उनका इलाज कराने का प्रयास किया।

vns

कार्यकर्ताओं ने पुतले को प्रतीकात्मक रूप से डॉक्टरों से इंजेक्शन, इलेक्ट्रिक शॉक और दवाएं दिलवाईं। इसके बावजूद जब पुतले की "मानसिक स्थिति" में कोई सुधार नहीं हुआ, तो डॉक्टरों ने उसे रांची स्थित मानसिक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल के बाहर जमकर प्रदर्शन करते हुए आक्रोशित भाव से सपा अध्यक्ष का पुतला भी फूंका।

vns

भाजपा नेता अनुप जायसवाल ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन अखिलेश यादव द्वारा दिए गए "गाय माता और गोशालाओं से दुर्गंध आती है" जैसे बयान के खिलाफ किया गया। उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल सनातन धर्म के खिलाफ है, बल्कि हिंदू भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला है। इसी के विरोध में 1 अप्रैल को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानसिक चिकित्सालय के बाहर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए अखिलेश यादव के प्रतीकात्मक पुतले का प्रतीकात्मक इलाज करवाया।

vns

अनुप जायसवाल ने आरोप लगाया कि चुनाव हारने के कारण सपा प्रमुख मानसिक संतुलन खो चुके हैं और लगातार सनातन धर्म व हिंदू मान्यताओं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौ माता को लेकर दिया गया बयान यह दर्शाता है कि अखिलेश यादव अपना संयम खो चुके हैं और अब मोदी विरोध करते-करते सनातन धर्म पर भी हमला करने लगे हैं।
 

Share this story

News Hub