लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ के नारे के साथ राज्यमंत्री के नेतृत्व में प्रयागराज रवाना हुए बीजेपी कार्यकर्ता, संगम में स्नान कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की करेंगे कामना
वाराणसी। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के उद्घोष के साथ बुधवार को काशी से भाजपा कार्यकर्ताओं का जत्था प्रयागराज के लिए रवाना हुआ। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘प्रयागराज चलो पदयात्रा’ में शामिल होने के लिए आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सिगरा स्थित उनके कैंप कार्यालय से प्रयागराज कूच किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता प्रयागराज के लिए रवाना हुए।
प्रस्थान से पहले कैंप कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, राष्ट्र की एकता-अखंडता और सनातन संस्कृति के सम्मान का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से फैलाए जा रहे भ्रम और अराजकता की राजनीति का जवाब भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से देंगे।
काशी और प्रयाग का संबंध आध्यात्मिक चेतना से जुड़ा
आयुष मंत्री ने कहा कि काशी और तीर्थराज प्रयाग का संबंध केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा है। बाबा विश्वनाथ की नगरी से संगम नगरी की ओर कार्यकर्ताओं का प्रस्थान इसी सांस्कृतिक एकात्मता का प्रतीक है। प्रयागराज की पवित्र धरती भारतीय आस्था और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण केंद्र है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राष्ट्रहित के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
संगम में स्नान कर करेंगे सुख-समृद्धि की कामना
डॉ. दयालु ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ अभियान में भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने प्रयागराज पहुंचकर त्रिवेणी संगम में स्नान और पूजन करने तथा देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना करने का आह्वान किया। इस दौरान अमित मिश्रा, गौरव राठी, चंद्रप्रकाश जैन, संजय मिश्रा, संतोष सैनी, आकाश पांडेय, जय विश्वकर्मा, अरुण पांडेय, कुंवर सिंह और विशाल रघुवंशी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

