रिसर्च की दुनिया में BHU की चमक: रसायन विज्ञान में भारत में तीसरा स्थान, AI और बायोलॉजी में भी मजबूती

bhu
WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) ने अपने अकादमिक और शोध कार्यों के जरिये अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी उपस्थिति को और मजबूत किया है। अमेरिका के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एजुरैंक (EduRank) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों में बीएचयू को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में देशभर में तीसरा स्थान हासिल हुआ है। एशिया में 90वां और विश्व स्तर पर 362वीं रैंकिंग के साथ बीएचयू ने शोध की दिशा में एक उल्लेखनीय मुकाम प्राप्त किया है।

बीते 32 वर्षों में बीएचयू से रसायन विज्ञान के क्षेत्र में कुल 39,513 रिसर्च पेपर प्रकाशित हो चुके हैं। यह विश्वविद्यालय का सबसे अधिक योगदान वाला विषय है। शोध पत्रों की वैश्विक स्तर पर उपयोगिता को दर्शाने वाला आंकड़ा, यानी साइटेशन, रसायन विज्ञान के लिए 10,55,756 तक पहुंच चुका है। 

बायोलॉजी और AI में भी प्रभावी प्रदर्शन

रसायन विज्ञान के बाद बायोलॉजी का स्थान आता है, जिसमें 39,255 रिसर्च पेपर और 7,91,322 साइटेशन दर्ज हुए हैं। इसके अतिरिक्त आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) जैसे आधुनिक विषय में भी बीएचयू ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। AI विषय पर अब तक 5,535 रिसर्च पेपर प्रकाशित हो चुके हैं, जिनके साइटेशन की संख्या 71,760 है।

कुल मिलाकर मजबूत राष्ट्रीय और वैश्विक रैंकिंग

एजुरैंक की रिपोर्ट के अनुसार, ऑल इंडिया स्तर पर बीएचयू को छठवीं रैंकिंग प्राप्त हुई है। उत्तर प्रदेश में इसे किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के बाद दूसरा स्थान मिला है। पूरे एशिया के 5,830 विश्वविद्यालयों में 151वां और विश्व के 14,131 विश्वविद्यालयों में 767वां स्थान बीएचयू को मिला है।

बीते कुछ वर्षों में बीएचयू की शोध गतिविधियों में तेजी देखी गई है। वर्ष 2023 में सबसे अधिक 5,110 रिसर्च पेपर प्रकाशित हुए, जबकि 2024 के अब तक 4,029 पेपर सामने आ चुके हैं। इसके अलावा, 2022 में 4,933, 2021 में 4,357 और 2020 में 4,142 शोधपत्र प्रकाशित हुए थे।

अन्य प्रमुख विषयों में भी प्रभावशाली शोध

बायोलॉजी के बाद बीएचयू के शोध का दायरा अन्य वैज्ञानिक विषयों में भी फैला है। इंजीनियरिंग में 34,003, भौतिक विज्ञान में 32,319, पर्यावरण विज्ञान में 29,002, ऑर्गेनिक केमेस्ट्री में 25,062 और क्वांटम व पार्टिकल फिजिक्स में 23,157 रिसर्च पेपर प्रकाशित हुए हैं। 

कम योगदान वाले विषयों में भी धीरे-धीरे बढ़ रही भागीदारी

जहां रसायन, जीवविज्ञान और इंजीनियरिंग जैसे विषय शीर्ष पर हैं, वहीं कुछ विषयों में शोध की संख्या अपेक्षाकृत कम है। उदाहरणस्वरूप, बिजनेस विषय में केवल 4,363 रिसर्च पेपर सामने आए हैं, जिनमें 52,391 साइटेशन दर्ज हैं। इसके अलावा, राजनीति विज्ञान में 4,499, साइकेट्री में 4,605 और हॉर्टीकल्चर में 4,639 रिसर्च पेपर प्रकाशित हुए हैं। हालांकि, धीरे-धीरे इन विषयों में भी रिसर्च की गति बढ़ रही है।
 

Share this story