नरिया में शराब की दुकान पर बवाल, मारपीट और तोड़फोड़ के बाद बीएचयू छात्र गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरिया इलाके में शुक्रवार रात शराब की दुकान पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, तोड़फोड़ और हंगामा हुआ। करीब 20 मिनट तक इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर बीएचयू के एक छात्र को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

नरिया स्थित शराब की दुकान पर शुक्रवार शाम दो छात्रों और खोजवा क्षेत्र के दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। पहले दोनों पक्षों में बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि खोजवा के युवकों ने छात्रों की पिटाई कर दी। इसके बाद छात्रों ने बीएचयू परिसर से अपने कई साथियों को मौके पर बुला लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में बड़ी संख्या में पहुंचे युवकों ने शराब की दुकान और आसपास की फास्टफूड दुकानों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग अपनी दुकानें छोड़कर भागने लगे। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे साकेत नगर निवासी चंद्रमा पटेल और उनके साथी भी हिंसा का शिकार हो गए। आरोप है कि उन्हें भी घेरकर पीटा गया। मारपीट में चंद्रमा पटेल के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक बड़ी संख्या में युवक पहुंचने से पूरा इलाका रणक्षेत्र में बदल गया। कई दुकानों में तोड़फोड़ हुई और राहगीरों में भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 20 मिनट तक खुलेआम उत्पात चलता रहा। हालात इतने तनावपूर्ण थे कि शुरुआत में पुलिस भी स्थिति संभालने में असहज नजर आई। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचने पर मामला नियंत्रित किया गया।

थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने गाजीपुर निवासी बीएचयू के एक छात्र को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही है।

Share this story