बीएचयू अस्पताल की ओपीडी रहेगी बंद, जारी रहेंगी इमरजेंसी सेवाएं

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। होली के अवसर पर चार मार्च को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल की ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। अस्पताल प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार इस दिन सामान्य ओपीडी के साथ-साथ इलेक्टिव ऑपरेशन थिएटर (Elective OT) भी संचालित नहीं होंगे।

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, होली के अवसर पर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। ऐसे में जिन मरीजों की पहले से निर्धारित वैकल्पिक सर्जरी (इलेक्टिव सर्जरी) तय थी, उन्हें नई तिथि दी जाएगी। संबंधित विभागों की ओर से मरीजों को इसकी सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हालांकि अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाएं पूर्व की भांति 24 घंटे जारी रहेंगी। इमरजेंसी वार्ड, ट्रॉमा सेंटर और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह से सक्रिय रहेंगी, ताकि किसी भी गंभीर मरीज को असुविधा न हो।

प्रशासन ने मरीजों और तीमारदारों से अपील की है कि वे चार मार्च को सामान्य परामर्श के लिए अस्पताल न आएं और अत्यंत आवश्यक होने पर ही इमरजेंसी सेवाओं का उपयोग करें। नियमित ओपीडी सेवाएं अगले कार्यदिवस से पुनः सामान्य रूप से संचालित की जाएंगी।

Share this story