बीएचयू के डॉक्टर ने अमेरिका में पूरी की छह सप्ताह की ट्रॉमा फेलोशिप, कूल्हे और घुटने के उपचार में मिलेगी मदद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आईएमएस-बीएचयू के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आलोक राय ने अमेरिका के फिलाडेल्फिया स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया में छह सप्ताह की एओ ट्रॉमा फेलोशिप पूरी की। फेलोशिप का आयोजन स्विट्जरलैंड के दावोस स्थित एओ फाउंडेशन की ओर से किया गया।

फेलोशिप के दौरान डॉ. आलोक राय ने यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया में कूल्हे और घुटने की सर्जरी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर क्लिनिकल और अकादमिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस दौरान उन्हें आधुनिक तकनीकों, सर्जिकल प्रक्रियाओं और शोध कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिला। फेलोशिप के तहत उन्होंने रिसर्च से जुड़े कार्य भी किए।

डॉ. आलोक राय ऑर्थोपेडिक सर्जरी के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने आईएमएस-बीएचयू में रोबोटिक तकनीक से घुटना प्रत्यारोपण की शुरुआत की है। इसके अलावा यहां आंशिक घुटना प्रत्यारोपण और मिनिमली इनवेसिव डायरेक्ट एंटीरियर एप्रोच (डीएए) हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी को भी शुरू करने में उनकी भूमिका रही है।

अमेरिका में फेलोशिप के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण और शोध अनुभव से बीएचयू में कूल्हे और घुटने से संबंधित उपचार की आधुनिक तकनीकों को और बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। डॉ. राय की इस उपलब्धि से संस्थान के चिकित्सकों और चिकित्सा विद्यार्थियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की नई सर्जिकल तकनीकों और शोध पद्धतियों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

Share this story