बीएचयू में नवनियुक्त चिकित्सा अधीक्षक को कार्यभार दिलाने की मांग तेज, छात्रों ने कुलपति कार्यालय का किया घेराव
वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल चिकित्सालय और ट्रॉमा सेंटर में नवनियुक्त चिकित्सा अधीक्षक (मेडिकल सुपरिंटेंडेंट) एवं ट्रॉमा सेंटर प्रभारी को तत्काल कार्यभार सौंपने की मांग को लेकर गुरुवार को छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता शिवांश सिंह और हर्ष त्रिपाठी ने किया। इस दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नई नियुक्तियां किए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों को अब तक औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया है। इससे अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और चिकित्सकों, कर्मचारियों तथा छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
छात्र नेता शिवांश सिंह ने कहा कि सर सुंदरलाल चिकित्सालय पूर्वांचल का सबसे बड़ा सरकारी चिकित्सा संस्थान है, जहां प्रतिदिन हजारों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण अस्पताल में प्रशासनिक पदों पर नियुक्ति होने के बाद भी नए अधिकारियों को कार्यभार न सौंपना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही है। उन्होंने कहा कि इससे अस्पताल के प्रशासनिक, वित्तीय और दैनिक कार्यों के संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि नवनियुक्त चिकित्सा अधीक्षक और ट्रॉमा सेंटर प्रभारी को तत्काल विधिवत कार्यभार दिलाया जाए, ताकि अस्पताल का संचालन पारदर्शी, जवाबदेह और सुचारु रूप से हो सके। उन्होंने कहा कि यदि दो दिनों के भीतर इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो छात्र चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।
छात्र नेता हर्ष त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। नई नियुक्तियों के बावजूद पुराने प्रभारियों द्वारा कार्य जारी रखना कई प्रशासनिक सवाल खड़े करता है। उन्होंने मांग की कि कार्यभार हस्तांतरण की प्रक्रिया बिना किसी देरी के पूरी की जाए तथा सभी प्रशासनिक अधिकारों, अभिलेखों और वित्तीय दायित्वों का नियमानुसार हस्तांतरण सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि अस्पताल की बेहतर कार्यप्रणाली और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था का जल्द सामान्य होना आवश्यक है। प्रदर्शन के बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर नियुक्त अधिकारियों को तत्काल कार्यभार दिलाने, अस्पताल की प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाने और नियुक्तियों के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान छात्र नेता शिवांश सिंह, हर्ष त्रिपाठी, वरुण, उत्कर्ष, कृष्णकांत, अभिषेक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

