बीएचयू बहुजन छात्र इकाई को मिली नई टीम, सूर्यमणि गौतम बने अध्यक्ष, नवनियुक्त पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बीएचयू से जुड़े छात्र संगठन ‘बीएचयू बहुजन’ की नई कार्यकारिणी का शनिवार को गठन किया गया। सीर गोवर्धनपुर स्थित श्री गुरु रविदास विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के संरक्षक, पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. रविन्द्र भारतीय के निर्देशन में हुआ। इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष सूर्यमणि गौतम ने अपने संबोधन में संगठन की आगामी कार्ययोजना और छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि संगठन विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सामाजिक हितों से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने के साथ छात्र समुदाय के बीच रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देगा।

123

प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग के शोध छात्र महेश कुमार ने संगठन के इतिहास और पूर्व में किए गए सामाजिक एवं शैक्षणिक संघर्षों की जानकारी नए सदस्यों को दी। उन्होंने संगठन की अब तक की गतिविधियों और छात्र हितों से जुड़े प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए नई कार्यकारिणी से जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का आह्वान किया।

पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
नई कार्यकारिणी में सूर्यमणि गौतम को अध्यक्ष, जबकि शशि और कु. मनीता को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। शपथ ग्रहण के बाद उपाध्यक्ष मनीता ने संगठन की आगामी कार्यप्रणाली और रणनीतियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके अलावा उमंग सागर को महामंत्री, रणविजय गोंड को सचिव, प्रांशु को संगठन मंत्री, वीरेश कुमार विशेष को सूचना मंत्री और संतोष कुमार को सांस्कृतिक मंत्री बनाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. बी राम ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रों की सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए समाज निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम में राजेंद्र (आईएमएस), शिव शक्ति कुमार, रवि शंकर सिंह, जितेंद्र कुमार, दीपक, सुशील नायक, महेश कुमार, प्रवीण समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और छात्र उपस्थित रहे।

नई कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने, शैक्षणिक अधिकारों की आवाज उठाने और सामाजिक न्याय के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने संगठन की जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता के साथ निभाने की प्रतिबद्धता भी जताई।

Share this story