बरेका महाप्रबंधक ने कॉलोनियों और कर्मशाला का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
वाराणसी। बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने शनिवार को कर्मशाला सहित कंचनपुर एवं पश्चिमी उपनगर (दक्षिण) कॉलोनी का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे आवासों की वर्तमान स्थिति, स्वच्छता व्यवस्था तथा कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने कॉलोनियों में साफ-सफाई, रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए तथा स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके बाद महाप्रबंधक कर्मशाला पहुंचे, जहां उन्होंने ओल्ड ब्लॉक शॉप का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्पादन गतिविधियों, कार्य व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत अनुराग कुमार गुप्ता, उप महाप्रबंधक सागर तथा उप मुख्य इंजीनियर साकेत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव प्रदीप कुमार यादव सहित अन्य सदस्य अमित कुमार, नवीन कुमार सिन्हा, श्रीकांत यादव, सुशील कुमार सिंह, संतोष कुमार यादव और मनीष कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संबंध में जानकारी जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार द्वारा दी गई।

