बाबा विश्वनाथ की निकली भव्य पालकी शोभायात्रा, उमड़े श्रद्धालु, पीएसी बैंड ने बजाया भक्ति का सुर
वाराणसी। सावन पूर्णिमा और रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को श्री काशी विश्वनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान काशी की गलियां शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आईं। महादेव के स्वागत के लिए निकली यात्रा में 36वीं वाहिनी पीएसी के बैंड ने अपनी सुरमयी प्रस्तुति से ऐसा वातावरण बनाया कि महंत आवास से बाबा विश्वनाथ धाम तक हर ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष गूंजते रहे।

विनोद सिंह के नेतृत्व में पीएसी बैंड के जवानों ने महंत आवास से बाबा के धाम तक कदमताल करते हुए शिव आराधना से जुड़ी धुनें प्रस्तुत कीं। बैंड की वाद्य धुनों के बीच ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘मेरी झोपड़ी के भाग खुल जाएंगे, महादेव आएंगे’ की स्वर लहरियां श्रद्धालुओं को भावविभोर करती रहीं।

जैसे-जैसे बैंड बाबा विश्वनाथ धाम की ओर बढ़ता गया, सड़क के दोनों ओर मौजूद काशीवासियों और श्रद्धालुओं की भीड़ का उत्साह बढ़ता गया। लोगों ने हाथ जोड़कर बाबा को नमन किया और जयकारे लगाकर यात्रा का स्वागत किया। कई श्रद्धालु बैंड की धुन के साथ भक्ति में लीन नजर आए।

पीएसी जवानों की अनुशासित कदमताल, वर्दी की गरिमा और वाद्ययंत्रों से निकलती शिवभक्ति की धुन ने पूरे आयोजन को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया। काशी की संकरी गलियों से गुजरती यह सुरमयी यात्रा श्रद्धा, परंपरा और शिवभक्ति का अनूठा संगम बन गई।

महंत आवास से बाबा विश्वनाथ धाम तक गूंजते जयघोष और शिवभक्ति की धुनों ने काशी के माहौल को पूरी तरह शिवमय कर दिया। श्रद्धालुओं के बीच यही भाव दिखाई दिया कि बाबा विश्वनाथ के आगमन से काशीवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और आस्था के नए द्वार खुलते हैं।

