बर्फ की सिल्लियों और बनारसी पान की हरियाली से होगा बाबा लाट भैरव का अद्भुत श्रृंगार, दिव्य स्वरूप में दर्शन देंगे बाबा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कज्जाकपुरा स्थित प्रसिद्ध बाबा लाट भैरव मंदिर में 16 अगस्त, रविवार को वार्षिक हरियाली शृंगार का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष बाबा का विशेष हिम-हरियाली शृंगार आकर्षण का केंद्र रहेगा। रंगीन बर्फ की सिल्लियों के बीच बनारसी पान की हरियाली से सजे बाबा लाट भैरव के दर्शन श्रद्धालुओं को होंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं पार्षद रोहित जायसवाल और प्रधानमंत्री मुन्ना लाल यादव के अनुसार, शृंगार के लिए पूरे मंदिर परिसर को हरियाली के पंडाल से सजाया जाएगा। परिसर में जगह-जगह फल और फूलों की आकर्षक लड़ियां लगाई जाएंगी। बाबा के साथ अष्ट भैरव, माता काली, प्रथमेश और हनुमान जी का भी विशेष शृंगार किया जाएगा।

समिति के मीडिया प्रभारी शिवम अग्रहरि ने बताया कि वार्षिक शृंगार की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। शृंगार संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट शाम चार बजे खोले जाएंगे। कज्जाकपुरा में विराजमान बाबा लाट भैरव को कपालेश्वर महादेव के रूप में भी पूजा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बाबा कपाल भैरव लिंगाकार स्वरूप में विराजमान प्रमुख भैरव स्वरूप हैं। अन्य भैरव जहां मूर्ति अथवा पिंड स्वरूप में पूजे जाते हैं, वहीं यहां बाबा विशाल लिंग रूप में विराजमान हैं।

Share this story