आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कार्यकर्ताओं संग सुना 'मन की बात', बोले- प्रधानमंत्री के विचार देते हैं देश को नई दिशा 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने रविवार को सिगरा स्थित अपने कैंप कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विचार समाज और देश को नई दिशा देने वाले हैं तथा सभी को उनके संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कारगिल के वीरों को किया नमन
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' की शुरुआत कारगिल विजय दिवस के उल्लेख के साथ की और देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने राष्ट्रभक्ति, सेवा और देश के प्रति समर्पण की भावना को प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

a

भारतीय युवाओं की उपलब्धियों की सराहना
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारतीय युवाओं की प्रतिभा और उपलब्धियों की विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत के युवा लगातार वैश्विक मंचों पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और गणित के अंतरराष्ट्रीय साइंस ओलंपियाड में भारतीय छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने इसे देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत बताया।

'मन की बात' के संदेशों को अपनाने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के उपरांत डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' ने कहा कि प्रधानमंत्री का 'मन की बात' कार्यक्रम केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में दिए गए विचारों और संदेशों को आत्मसात कर समाजहित में कार्य करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

भाजपा कार्यकर्ता रहे मौजूद
सिगरा स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में गौरव राठी, रजत जायसवाल, दिनेश कुमार सिंह 'दीनू', प्रवीण पांडेय, सीताराम केसरी, चंद्रभान सिंह, अवध नारायण राय सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और राष्ट्रहित के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Share this story