आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने मछोदरी में किया मतदान, बोले-लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला
वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन में प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने शुक्रवार को मछोदरी स्थित शारदा विद्या मंदिर मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
मतदान से पहले आयुष मंत्री ने वाराणसी में विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर बूथ स्तरीय संपर्क किया और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। सुबह के सत्र में उन्होंने मछोदरी स्थित शारदा विद्या मंदिर के बूथ संख्या 59 एवं 60 पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान मतदान संबंधी व्यवस्थाओं और बूथ प्रबंधन पर चर्चा की गई।
इसके अलावा मंत्री ने रविन्द्रपुरी स्थित गोपी राधा स्कूल और मैदागिन पेट्रोल पंप के निकट स्थित मतदान केंद्रों पर भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने बूथ प्रबंधन और मतदान की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद शारदा विद्या मंदिर मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।
मतदान के बाद डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। सभी शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक और स्नातक समाज देश व समाज के मार्गदर्शक हैं। उनके मत से विधान परिषद में सही और अनुभवी नेतृत्व पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होता है।
इस अवसर पर डॉ. हरदत शुक्ला, चंद्रशेखर उपाध्याय, अनूप दुबे, गौरव राठी, संजय विश्वंभरी, इंद्रेश मिश्रा बबलू, सुधीर त्रिपाठी, अरुण पांडेय और सौरभ कक्कड़ सहित भाजपा के पदाधिकारी, शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन से जुड़े कार्यकर्ता, मतदाता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

