भाजपा जिलाध्यक्ष बनते ही रामसकल पटेल के गांव में जश्न, मेहंदीगंज में बधाई देने वालों का लगा तांता

WhatsApp Channel Join Now
 वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वाराणसी का नया जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद मेहंदीगंज गांव निवासी रामसकल पटेल के गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके मनोनयन की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और ग्रामीणों ने खुशी जताई। कई स्थानों पर मिठाइयां बांटी गईं और समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी।

रामसकल पटेल लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वर्तमान में वह भाजपा कार्यसमिति सदस्य हैं, जबकि इससे पहले किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों के साथ-साथ ग्रामीण विकास के मुद्दों पर उनकी सक्रियता के कारण क्षेत्र में उनकी अलग पहचान बनी है।

प्रधानमंत्री द्वारा गोद लिए गए आदर्श ग्राम नागेपुर में प्रभारी के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गांव में विकास कार्यों की निगरानी, जनसमस्याओं के समाधान और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया। बताया जाता है कि केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल समय-समय पर नागेपुर गांव के विकास कार्यों की जानकारी लेते रहे हैं।

भाजपा संगठन में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें पहले मेहंदीगंज गांव का बूथ अध्यक्ष भी बनाया गया था। संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ के चलते उन्होंने पार्टी में लगातार अपनी पहचान मजबूत की।

किसान और मजदूर परिवार से आने वाले रामसकल पटेल राजनीति शास्त्र में एमए तक शिक्षित हैं। वर्ष 1996 से भाजपा कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय रहते हुए उन्होंने गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करने का काम किया। किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों के बीच उनकी सादगी और सक्रियता की चर्चा अक्सर होती रही है।

जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद मेहंदीगंज स्थित उनके आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्रीय लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया और संगठन को मजबूत नेतृत्व मिलने की बात कही।

Share this story