पंचकोशी यात्रा मार्ग में व्यवस्थाएं बदहाल, सड़क पर गड्ढे और बदइंतजामी से श्रद्धालु बेहाल
वाराणसी। आस्था और धार्मिक परंपरा की प्रतीक पंचकोशी यात्रा इस वर्ष अव्यवस्थाओं के कारण श्रद्धालुओं के लिए कठिन साबित हो रही है। शिवपुर क्षेत्र स्थित पांचों पांडव पड़ाव के आसपास यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच नगर निगम तथा प्रशासन की तैयारियां नाकाफी दिखाई दे रही हैं, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

श्रद्धालुओं का आरोप है कि यात्रा मार्ग पर पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था नहीं की गई है। जहां अस्थायी शौचालय लगाए गए हैं, वहां भी यात्रियों से 10 रुपये तक शुल्क वसूला जा रहा है। लोगों का कहना है कि धार्मिक यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से शुल्क लेना गलत है। कई यात्रियों ने नगर निगम के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुफ्त सुविधाओं की घोषणा केवल कागजों तक सीमित है।
यात्रा में शामिल बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। तेज धूप में आराम के लिए पर्याप्त टेंट या छायादार स्थान उपलब्ध नहीं हैं। पेयजल की व्यवस्था भी कई जगह अपर्याप्त बताई जा रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि लंबी पैदल यात्रा के बाद उन्हें सड़क किनारे बैठकर आराम करना पड़ रहा है।

स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी भी यात्रियों की चिंता बढ़ा रही है। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि गर्मी और थकान के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ रही है, लेकिन मौके पर मेडिकल टीम या प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर वर्ष आयोजित होने वाली इस यात्रा के बावजूद व्यवस्थाओं में गंभीर कमी दिखाई दे रही है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रा मार्ग पर तुरंत अतिरिक्त शौचालय, मुफ्त पेयजल, मेडिकल कैंप, टेंट और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।

