रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात वृद्ध की मौत, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के मिल्कीचक रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में लगभग 65 वर्षीय अज्ञात वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस और रेलवे अधिकारियों को दी।

सूचना पर रोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वृद्ध रेलवे ट्रैक पार कर रहा था या ट्रैक के आसपास मौजूद था, तभी तेज गति से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गया। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

रोहनिया पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने की अपील की है। साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने और निर्धारित स्थानों से ही रेलवे लाइन पार करने की सलाह दी है।

पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this story