स्वस्थ होकर वाराणसी लौटे अजय राय, कार्यकर्ताओं ने पिंडरा में किया स्वागत
वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के लखनऊ से स्वस्थ होकर काशी लौटने पर मंगलवार को पिंडरा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और नारों के बीच पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने “कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद” और “लड़ेंगे-जीतेंगे” के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि काशी उनकी भूमि, आत्मा और परिवार है। उन्होंने कहा कि बीमारी के दौरान काशीवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्रार्थनाओं व शुभकामनाओं से उन्हें नई शक्ति मिली। बाबा विश्वनाथ की कृपा और जनता के आशीर्वाद से वह पुनः जनता के बीच लौटे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रहेगी तथा जनहित के सवालों पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
स्वागत कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, श्रीप्रकाश सिंह, रामस्नेही पाण्डेय, फसाहत हुसैन बाबू, राजू राम, अशोक सिंह और गिरीश पाण्डेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने अजय राय के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ पर खुशी जताई।

