शंकराचार्य से मिले अजय राय, बोले— “संतों के सम्मान पर आंच बर्दाश्त नहीं”
सरकार पर लगाया साजिश का आरोप
अजय राय ने कहा कि मोदी-योगी सरकार शंकराचार्य के खिलाफ साजिश रच रही है। उनके अनुसार, “भगवान शंकराचार्य जी का अपमान पूरे सनातन धर्म का अपमान है। शंकराचार्य भगवान के स्वरूप हैं। हम काशीवासी और कांग्रेसजन उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की तानाशाही ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी और जनता समय आने पर इसका जवाब देगी।
संत परंपरा की रक्षा का दावा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि काशी सदियों से संत परंपरा की पवित्र भूमि रही है, जहां संतों का सम्मान सर्वोपरि माना जाता है। संतों और धर्माचार्यों की गरिमा को ठेस पहुंचाना भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के खिलाफ है।
उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर तथ्य और प्रमाण के साथ जनता के बीच सच्चाई रखेगी और संत समाज की गरिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
सड़क से सदन तक लड़ाई का ऐलान
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत के साथ उठाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संत समाज के सम्मान पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, अनिल श्रीवास्तव, प्रजानाथ शर्मा, सतनाम सिंह, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, अरुण सोनी, राजीव गौतम, राजू राम, प्रमोद वर्मा, संतोष चौरसिया, सदानंद तिवारी, आशीष तिवारी समेत दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
शंकराचार्य प्रकरण को लेकर पहले से ही राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा चल रही है। ऐसे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की यह मुलाकात और बयान मामले को और राजनीतिक रंग दे सकते हैं। अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर आगे राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।

