आईटीआई में शुरू होंगे एआई आधारित कोर्स, इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में छात्रों का बढ़ा रुझान

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई कॉलेजों) में इस सत्र से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके लिए विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत इन कोर्सों को लागू करने की योजना बनाई गई है, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।

आईटीआई में इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े ट्रेडों में छात्रों की रुचि लगातार बढ़ रही है। खासकर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और उससे संबंधित तकनीकों की बढ़ती मांग को देखते हुए इन क्षेत्रों में नए कोर्सों को प्राथमिकता दी जा रही है।

संयुक्त निदेशक केएन सिंह ने बताया कि महानिदेशालय (डीजीटी) द्वारा नई तकनीक और आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 29 नए कोर्स विकसित किए गए हैं। इन्हें इस सत्र से लागू करने की तैयारी है। एआई आधारित कोर्सों के तहत छात्रों को डाटा नेटवर्क टेक्नीशियन, साइबर सुरक्षा असिस्टेंट जैसे आधुनिक विषयों की शिक्षा दी जाएगी।

आईटीआई में इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल से जुड़े कोर्सों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। कॉलेजों में ईवी तकनीक के लिए लैब निर्माण और प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है, जिससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान मिल सके।

शिक्षकों का कहना है कि इलेक्ट्रॉनिक्स और एआई से जुड़े कोर्सों में छात्रों का रुझान अधिक है, क्योंकि इन क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाएं ज्यादा हैं। साथ ही, इन कोर्सों में प्लेसमेंट के अवसर भी बेहतर मिलते हैं। नए सत्र से आईटीआई में शुरू होने वाले ये कोर्स छात्रों के लिए तकनीकी शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में नए रास्ते खोलेंगे।

Share this story