सावन मेले से पहले मार्कण्डेय महादेव मंदिर पहुंची पुलिस टीम, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को वरुणा जोन के डीसीपी प्रमोद कुमार और एडीसीपी लिपि नगायच ने कैथी स्थित मार्कण्डेय महादेव मंदिर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया।

123

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के सभी इंतजाम पहले से दुरुस्त रखे जाएं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग तथा सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

डीसीपी प्रमोद कुमार ने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में बाबा के दर्शन-पूजन कर सकें।

123

निरीक्षण के बाद डीसीपी प्रमोद कुमार और एडीसीपी लिपि नगायच ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया और भगवान शिव का जलाभिषेक भी किया। मंदिर के मुख्य पुजारी मुन्ना गुरु ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई। इस दौरान मुन्ना गुरु, लालू गिरी, अजय गिरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share this story