शिकायत के बाद जागा नगर निगम, अस्सी घाट से हटाई गईं पेड़ों की डालियां, एक सप्ताह से घाट पर पड़ा था कूड़ा
वाराणसी। अस्सी घाट पर एक सप्ताह से पड़ी पेड़ों की कटी डालियों और अन्य अवशेषों का आखिरकार नगर निगम के सफाई विभाग ने निस्तारण करा दिया। स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों की शिकायत के बाद विभाग ने तत्परता दिखाते हुए सफाई अभियान चलाया। घाट से डालियां हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और सफाई कर्मियों के कार्य की सराहना की।
नगर निगम के उद्यान विभाग की ओर से पेड़ों की कटाई के बाद उनकी डालियों और अन्य अवशेषों को अस्सी घाट पर ही छोड़ दिया गया था। इससे घाट पर गंदगी फैल रही थी और स्थानीय नागरिकों तथा दुकानदारों को परेशानी हो रही थी। लोगों ने कई बार संबंधित विभाग से डालियां हटाने की मांग की, लेकिन उन्हें जल्द सफाई कराने का आश्वासन मिलता रहा। समस्या का समाधान नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने नगर निगम के अधिकारियों से संपर्क किया।

शिकायत के क्रम में स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने नगर निगम के सुपरवाइजर अनुज से बातचीत की। उन्होंने मामले की जानकारी भेलूपुर जोन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक शिवेश तिवारी को दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शिवेश तिवारी ने सुपरवाइजर अनुज को तत्काल मौके पर सफाई कराने और पेड़ों की कटी डालियों का निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निर्देश मिलते ही सुपरवाइजर अनुज सफाई कार्य में जुट गए। सफाई मित्र रामजी, आशा, मातृ वंदना, ललित, गोलू और चंपा के सहयोग से घाट पर पड़ी डालियों और अन्य अवशेषों को एकत्र कर वहां से हटाया गया। इससे घाट पर फैली गंदगी से लोगों को राहत मिली।
सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर दिया जोर
सफाई के बाद स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने नगर निगम के सफाई कर्मियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अस्सी घाट पर स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है। पेड़ों की कटाई के बाद अवशेषों को लंबे समय तक छोड़ने से लोगों को असुविधा होती है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में पेड़ों की कटाई के तुरंत बाद डालियों और अन्य अवशेषों को हटाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि घाट की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहे।

